वो आकर बचा गए...


हादसे और राहत के बीच बस चमत्कार का फर्क है. यकीन का असर होता है. बस एहसास करने की बात है. जो हर वक्त नहीं होता, बेवक्त होता है. यकीन फकीर या अजनबी पर करना बेहद मुश्किल है. आज का दौर अविश्वसनीयता का है. जब मोहलत मिलती है तो आदमी अपने अंदर के अविश्वास को और मजबूत करने की कोशिश में रहता है. सारी जुगत अपनी बुद्धिमत्ता की स्थिति को सही ठहराने की. वो जताने के लिए नहीं बल्कि खुद को जानकार समझने की वजह से होती है. ये कुछ भी है पर यथास्थिति है.


किस्से हमेशा के लिए हो जाते हैं. जब हैरान करने वाली घटना घटित होती है. उस दिन की बात है. शनिवार था. घर पर ठहरकर दफ्तर के काम से थोड़ी फुर्सत का दिन. अचानक दरवाजे पर गया, तो दो लोगों ने दस्तक दी. दो अजनबी, भगवा पहने. एक उम्र में बड़ा, एक छोटा. पहली झलक में ही लगा जैसे कोई संदेश आया है. प्रकृति कुछ कह देती है, इशारा देती है आपको सुनने का समय निकालना होता है. अपने अंदर की आवाजों को दरकिनार करके. समझने की कोशिश करनी चाहिए. उनकी नजरों ने कोई बंधन बांध दिया. कुछ पल ही में कुछ वशीकरण जैसा एहसास. जो आपको सरेंडर कर रहा था.


उधर से कुछ कहा गया. मन की स्थिति से जुड़े भाव साबित करते तर्क और कथन आने लगे. ऐसा लगा जैसे आपको परख लिया गया है. बेपर्दा होती स्थिति में सहज ही झुकाव हुआ. बैठने का निमंत्रण दे दिया. कुछ कर्मकाण्ड सा कुछ किया जाने लगा. आने वाले हादसे का जिक्र किया गया. मेरे परिवार और मुझपर संकट का और कुछ किए कराए जाने की सूचना दी गई. आपका मन जो परिवार के हित से बढ़कर कुछ ना मानें. सहज ही उस हित पर किसी तरह के संकट को नहीं स्वीकार करेगा.

दोनों साधु के भेष में थे. एक गेरुआ, एक सफेद. मैंने पूछा कहां से आना हुआ. जवाब मिला- “बालाजी से आए हैं और आप कहां के हैं?” उन्हें अपने पीलीभीत से होने के बारे में बताया. बोले शाहजहांपुर जानते हो. हम मूलरूप से वहां से हैं. कांठ से... अपने ननिहाल के बारे में निगोही और नहर के बारे में बताया. भौगोलिक प्रारब्ध की वजह से भरोसा और कायम हुआ. नाना के ज्योतिष विद्या में निपुण होने के बारे में बताया. जो अब इस लोक में नहीं हैं. लगने लगा कोई रिश्ता कायम हो गया. बोली की भी पहचान होने लगी. इतनी दूर एकांत शहर में ननिहाल से आने का रिश्ता सहजता पैदा कर चुका था.


घर के अंदर डमरू वाले की पैठ की जानकारी. रिश्ते में लालच ना होने और ईर्ष्या भाव की अनुपस्थिति को स्वीकृत करती उनकी बातें मुग्ध कर चुकी थीं. कुछ दिन पहले ही मैं नीलकंठ और हरिद्वार होकर आया था. वहां से डमरू और नीलकंठ मेरे साथ आए थे.

अचानक से आया सवाल- “क्या आप जानना चाहते हैं, वो करने वाला कौन है?” कुछ दैवीय जवाब मेरे मन से सहज मुंह से निकल गया- “नहीं”.


“क्या आप चाहते हैं कि वो किया कराया वापस करने वाले को ही भेज दिया जाए?” मेरा जवाब अभी भी वही था- “नहीं... किसी का अहित नहीं करना”. बड़े साधु ने छोटे से कहा- “कितने साफदिल इंसान हैं.” पत्नी की सहमति हमें बिना मतभेद के एक जैसा और एकमत होने का प्रमाण दे रही थीं. भरोसा बढ़ते ही घर के अंदर चार नए खरीदे गए आसन बिछा दिए गए. दो पर आगंतुक और दो पर हम दंपति.


अहित ना करने के बावजूद एक क्रिया के बारे में कार्य आरंभ किया गया. घर के अंदर से कालीमिर्च मंगाई गई. पीने के लिए पानी मांगा. एक लोटे में लाकर दिया. एक और गिलास में पानी मांगा. लाया गया. दो काली मिर्च उठाकर हाथ में सौंपी गई. कोई मंत्र पढ़ा गया. गिलास में डलवाया और अपनी हथेली से ढंकने को कहा. मंत्रमुग्ध इंसान की तरह आदेशों का पालन होता गया. कुछ पाठ दोहरवाया, हथेली हटाई. गिलास के पानी में लाल खून जैसा दिखा. हैरान आंखें कुछ समझ पातीं तो निष्कर्ष दिया गया. किए कराए का संकेत मिला. पहले ही बता चुके थे, कि आपके साथ हादसा होने वाला था. पुण्यकर्मों से बचाव होगा.


दो दिन पहले ही दफ्तर में एक साथी जो मेरे साथ ही निकले थे. वो एक्सीडेंट में घायल हुए थे. लगा वो विपदा अपने ऊपर रही होगी. पिछले हफ्ते दिखे सपनों की बातें भी सहज होती दिखीं. जैसे कोई उनका मतलब हो. सपने में ऊटपटांग घटनाएं देखी थीं. जैसे मेरे हाथों में सौंपी गई दो लाशों के अवशेष, ऊंट की सवारी और राजसी जनाजा. घर पहुंचते हुए मफलर में सूखा हुआ खून, प्लास्टिक के पैकेट में अवशेषों की दुर्गति. अनिष्ट जैसा कुछ. संकेत लगा कि कुछ मतलब होगा.


आगे सूत का धागा मांगा गया. दिया, अपनी नाप से 3 हाथ धागा निकला. अगले ने उसे लपेटकर छल्ले की शक्ल दी. प्लेट में हल्दी और जूते मंगाए. एक जूता देखकर वापस कर दिया. फिर फीते वाले जूते मांगे. एक जोड़ी नए जूते जो तीर्थ करके आए थे. वो मेरे हाथों से लेकर रखे. जूतों के साथ कुछ मंत्र किया. दूसरी तरफ प्लेट में सूत का छल्ला, थोड़े चावल, हल्दी और काली मिर्च रखकर. उसपर मेरे हाथों से उड़ेला गया लाल पानी. उसके ऊपर साधु ने जैसे ही अपना कमंडल रखा. अचानक से धुंएं के साथ हुआ हल्का विस्फोट. जैसे बिजली कड़की हो. आंखें दंग थीं ये सब देखकर. लगा कोई जादू या ट्रिक की जा रही. उसके बाद निकाला गया सूत का धागा नापा गया, तो निकला 2 हाथ. 3 हाथ से 1 हाथ कम.


सारी चीजें जादू लग रही थीं. आंख का भ्रम, पर इनका मतलब समझ में नहीं आया. बताया गया. संकट टल गया है. बची हुई सामग्री मंत्रों के साथ किसी श्मसान में घड़े में बंद कर छोड़ने का सुझाव दिया गया. कहा गया एक मंत्र पढ़कर ये करना और फिर पीछे मुड़कर मत देखना. साथ में दिया गया एक मुश्किल मंत्र. पूरी क्रिया तांत्रिक लग रही थी. जिसकी कोई व्याख्या नहीं थी. कोई वैज्ञानिक स्पष्टीकरण नहीं. मन उनके वश में होते-होते भी विरोध कर गया. सारी दक्षिणा के साथ उनके विरोध किया गया. ये हम दंपति की सीमाओं से बाहर है. हम कुछ भी ऐसा नहीं कर सकते. आस्था ईश्वर में है. तो ये हमारे वश के बाहर. ये डर से नहीं, ये सीमाओं की वजह से है. उस क्रिया में मेरी सोने की अंगूठी हाथ में लेकर मंत्र पढ़कर वापस कर दी गई. हमारे बंधन की निशानी थी, तो वापस कर दी गई. किसी दिवंगत की निशानी को ले जाने का मन उनका भी नहीं हुआ. सोने की अंगूठी के प्रति मोह को परखा गया था तो वो लौटा दिया गया.

 

मन ना मानने पर आश्चर्य करते साधु, सारी सामग्री धन सहित बची हुई क्रिया संपन्न करने के भरोसे के साथ घर से चले गए. बार-बार पूछा नाराजगी से तो नहीं कर रहे. मन से कर रहे हो ना. मन विचित्र गतिविधि से निकल नहीं पाया. पर जवाब सहमति से ही दिया गया. बिना किसी का अहित किए, जो भी हुआ उसे होने जाने दिया. उन्होंने कहा- मान लो इतने का खा या पहन लिया. या राम मंदिर को दान कर दिया.


अगला दिन सारी क्रियाविधि को परखने और निर्णय की बहस और चिंतन में ही बीत गया. नहीं समझ आया कोई भी काम. सारा तंत्र मंत्र तगड़े झांसे में फंसने जैसा लग रहा था. साधु कबके जा चुके थे. मन में ठगी का भ्रम पैदा हो चुका था. दक्षिणा देते समय मोह नहीं था. पर पूरे 36 घंटे तक मन में कसक रही. महीने की पूरी बचत का पैसा उन्हें दे दिया था. बड़े भरोसे के साथ. जैसे संकट टलने की कीमत. ये सारी घटना शनिवार की थी. रविवार उमस में बीता. साल का आखिरी दिन था. 31 दिसंबर 2023.

 

2024 के पहले महीने में ही राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होनी है. राम मंदिर के नाम पर दान की बात में थोड़ा भरोसा लगा. पर अभी भी मन के सवाल बाकी थे. ये सब क्यों हुआ? मन की शांति भंग थी. ऐसी कौन सी बला थी, जो मूल्य लेकर टाली जाए? मन में कुरेद रहा था ये सवाल. रात बीती. अगले दिन सुबह दफ्तर पहुंचा. साल का पहला दिन 1 जनवरी 2024. चारों तरफ से शुभकामनाओं का दिन. सेलिब्रेशन का दिन. छुट्टी ले सकने का विकल्प था. पर अपनी जिद में दफ्तर गया. कर्मठता की जिद में. कुछ जता देने की जिद में. अपने जरूरी पद की जिद में. कुछ साबित करने के लिए. जैसे कोई प्रभावित हो जाएगा.


शाम बीती. वापस लौटने का वक्त हुआ. पूरी तरह से सर्दी से बचने के लिए खुद को कपड़ों से पैक किया. दस्ताने, मफलर, जैकेट, बैग से पैक्ड. बाइक पर सवार होकर घर लौटने लगा. आधे रास्ते पहुंचते ही सड़क पर अचानक बाइक फिसल गई. आधी सड़क नए सिरे से बन चुकी थी. एक परत ऊंची, आधी नीची.



एक दिन पहले ही बाइक की सर्विस करवाई थी. कोई कमी नहीं थी तकनीकी. पर अब इस सबका मतलब नहीं था. बाइक फिसली, घिसटती गई. इनर, दस्ताने, पैंट घिसकर फट गई. घुटने से रिसने लगा खून. हैलमेट में स्क्रैच, घिसते हुए कुछ मीटर तक रगड़ते हुए आगे बढ़ते हुए भी बाइक स्टार्ट रही. हैरानी, संभलने का मौका न मिला. पर बिल्कुल भी डर का एहसास नहीं हुआ. चोट लग चुकी थी. अच्छे खासे चलते रोड पर जान बचने का सवाल ही नहीं था. पर अपने आप उठकर खड़ा हुआ. बांई ओर की तरफ गिरा था. दांए पैर का जूता निकल चुका था. दस्ताने घिस गए थे. उठकर पास में घुटने को सहलाते हुए फुटपाथ पर जाकर बैठ गया. कहीं से तीन लोग आए हालत पूछी. बाइक उठाकर पास में खड़ी की. लोगों ने बताया कि पास में मेडिकल है, मरहमपट्टी हो सकती है. कहां जाना है. पूछताछ में बता दिया. बताया कि हैलमेट ना होता तो काम हो जाते.


गौर करें... अनहोनी टल चुकी थी. साधु की बात का एहसास होने लगा.


हल्का दर्द कम हुआ तो उठकर धीमे-धीमे बाइक चलाकर वापस घर आ गया. पत्नी घर से बाहर पड़ोस में ही कहीं गई थी. वापस आने में 10 मिनट लगा होगा. दफ्तर के साथियों को सूचना दे दी. 3 दिन पहले ही ऐसी ही घटना एक साथी के साथ हो चुकी थी. उनके भी बाएं पैर में काफी चोट लगी थी.


पत्नी ने दवाई लाकर मरहमपट्टी की. दवाई खाकर जब दर्द से राहत मिली. तब से साधु की बात और उस तंत्र मंत्र की हर एक क्रिया का एहसास होने लगा. सारे मायने समझ आने लगे. जिस दांये पैर के जूते को उन्होंने छूकर वापस रखवा दिया. उस पैर में खरोंच तक नहीं आई. शरीर का दांया भाग सलामत रहा. बांए पैर के घुटने में ही हल्की चोट थी. गनीमत रही कोई टूटफूट नहीं हुई. जिस स्पीड से गिरा था वैसा कोई हादसा नहीं हुआ.


साधु ने जिन जिन चीजों का इस्तेमाल किया. सब सच लगने लगीं. काली मिर्च पानी में डालने पर खून दिखा था. आज ओस के पानी में काले कोलतार की सड़क पर मेरा खून बहा. एक जोड़ी जूते दान में ले गए थे. नए जूते थे तो मन में मोह रह गया था. एहसास हो गया, अगर आज पैर ही ना बचते तो जूते किसमें पहनता? जिस अंगूठी का मोह था, बंधन था. जब हाथ ही नहीं रहते तो अंगूठी किसमें पहनता? जिस धन के अर्जन का अहंकार था. कमाई जोड़ने का जो गर्व था. जीवन ही नहीं रहता तो उस बचाए गए धन का क्या होता? जिस हल्दी की क्रिया उन्होंने की थी. वही हल्दी आज औषधि के रूप में मुझे दी जा रही है. ताकि जख्म जल्दी भरे और दर्द से राहत मिले. वो चावल के दाने का पात्र ले गए थे. आज मेरे साथ बाइक पर टिफिन भी था. ऑफिस 4 रोटी ले गया था. दो बची थीं. एक दाल का डब्बा था. जो खाली था. बाकी जिसमें चावल ले गया था वो टूट चुका था. चावल का कांच का डब्बा चूर-चूर हो गया. बाकी के दोनों डब्बे सलामत बच गए. 


उस दिन 3 हाथ का सूत का धागा 2 हाथ का रह गया था. सूत यानि कपड़ा. धागा कम होना मतलब कपड़ा घटना. आज मेरे घुटने पर कपड़ा फट चुका था. अगर कुछ अनहोनी होती तो सारी आमदनी बर्बाद हो जाती. अनगिनत खर्चा होता. शारीरिक कष्ट अलग. इन सबसे बच चुका हूं. अंगूठी का भी प्रारब्ध शांत हो चुका था. उसपर पड़ी दृष्टि भी उतर चुकी हैं. सारे गहनों से मोह अब त्याग कर रहा हूं. राम मंदिर के नाम से दान का जो संतोष खरीदा था. वो भी सही साबित हो चुका है. राम के सेवक हनुमान जी यानी बालाजी ने घर आकर मेरे ऊपर का कष्ट हर लिया. आगाह भी किया. मन के सारे सवाल सुलझ चुके हैं. पर अब मैं उन्हें ढूंढ नहीं सकता. वो कहां गए पता नहीं.

जब ये घटना को लिख रहा हूं. मेरे पड़ोस के मंदिर में कीर्तन हो रहा है- “बालाजी तेरे मंदिर में... कोई सुनाए गीता रामायण. मैं सुनाऊं तेरे गान, बालाजी तेरे मंदिर में...”



2 January 2024

Sector 12, Noida

कल्पना से दूर... घनिष्टता

हम ख्याल इतने ही रखते हैं. अधूरे ना हों बस इससे डरते हैं. पूरे होते रहना एक उम्मीद रहती है, इसी उम्मीद के सहारे हम दूर तक चल सकते हैं. एक दूसरे का साथ इतना तो हसीन बना सकते हैं कि बस उसके सहारे पूरी ज़िंदगी की यात्रा पार की जा सके. एक लंबी यात्रा...

हमारी अपनी आवाज हमें कब तक सुनाई देती है. जब तक हम उसे सुनते रहें और अमल करते रहें. एक बार आपने उसे अनसुना करने की आदत डाली तो वो भी अपनी बेकदरी से नाराज हो सकती है. वो भी फिर हल्की पड़ती जाएगी. एक वक्त आएगा जब वो चुप हो जाएगी. आपको एहसास भी ना होगा. लंबे समय के बाद एक दिन झटके सा लगेगा कि कुछ सुनाई क्यों नहीं देता.

हमारी कल्पनाएं बहुत जल्दी ही अपने किनारे बदलती रहती हैं. ये काफी पैनी हो जाती हैं. एक दूसरे पर हावी होने लगती हैं. एक आती है कि दूसरी उसकी जगह लेना चाहती है. उसे वास्तविकता की तरह हो जाने में वक्त भी नहीं देतीं. इनमें गलाकाट प्रतियोगिता चलती रहती है. ज़िंदगी की सबसे बुरी लत ये प्रतियोगिता ही है. पर आपकी कल्पनाएं भी जब उन्हीं में उलझने लगें. एक को असलियत में आकार देने की मोहलत दिए बिना दूसरी कल्पना की तरफ लालायित करती रहें, तो जीवन बिल्कुल जटिल और बोझिल बनने में देर नहीं लगती. आप फुर्सत में होकर भी सुकून में नहीं होंगे. भूल जाएंगे एक दिन कि कभी फुर्सत नहीं थी तो सुकून की जरूरत महसूस होती थी. पर बस आपकी कल्पनाओं और प्रतियोगिताओं ने, जब सुकून हासिल हुआ तो फुर्सत छीन ली. 

कल्पनाएं और भ्रम में कोई ज्यादा फर्क नहीं हैं. एक सपना जैसे आपको बिल्कुल असलियत से दूर एक आभासी दुनिया में ले जाता है. आप उसमें हाथ पैर भी अपनी मर्जी से नहीं चला सकते. आपके विचारों से बिल्कुल भिन्न असलियत का आभास करा देते हैं. सब मनोविज्ञान की पहेलियां हैं ये, पर व्यक्ति के सामान्य जीवन में वो अनियंत्रित हैं. आकांक्षाओं के बीच में फंसी कल्पनाएं दिवास्वप्न की तरह हैं. कहीं स्थिरता नहीं लेने देतीं.

हम क्यों ना एक ऐसी जगह बनाएं जो घनिष्टता के सारे पैमानों को तोड़कर असीमित संभावनाओं से संपन्न हो. ये कोई संबंध हो सकता है. ये कोई हमराह हो सकता है. यहां पर आप अपनी सारी जटिलताएं और कल्पनाएं त्यागकर बिल्कुल समर्पित हो जाएं. ये बेहद प्राकृतिक होगा. प्रकृति हमेशा स्थापित सत्य है. ये अस्तित्वयुक्त है. कल्पनाएं अस्तित्वहीन हैं. हमें जरूरत है कि सत्य पर निर्भर हों. एक संबंध जो किसी भी प्रकार का हो सकता है, यहां आप पूरी तरह विलीन हो जाएं. सारे तर्कों से दूर...

नयापन जरूरी है. हर हाल में नयेपन के लिए...

 


ऊंचाई का सफर...

आजाद ख़्याली इतनी दूर ले जाती है, कि वहां शिखर तक बिल्कुल अंतिम बिंदु तक, जो कभी कभी काल्पनिक ही होती है. जहां पैर ही ना टिक सके. किसी नोक पर कैसे खड़े हो पाओगे. वो बिंदु किसी कांटे सरीखा ही तो होगा. उसपर दोनों पैर टिकाना भी संभव नहीं होगा. हालांकि वहां पर सिर्फ एक पैर से ही खड़ा हो सकने की गुंजाइश होगी. पर कोई राहत नहीं होगी. एक पैर थके तो उसे नीचे रखकर दूसरे पर आने की आड़ तक नहीं. बस वो खूब ऊंचाई पर होगी. एक वीरान जहां से सब नीचा लगेगा. इस हालत में आप सिर्फ अपने मन के फैसले से ही रुके रह सकते हैं. पर ये अजीब होता है. इससे गुजरना सराबोर कर देता है तमाम आभासी कल्पनाओं में. भ्रमों में. तिल के ताड़ बन चुके बेबुनियाद अनुभवों में. कुछ कही सुनी अप्रिय बातों में. शिखर से पीछे की धूर्त चालाकियों से छिल चुकी पीठ से टपकते कष्टों से. पीछे छूट रहे या बिल्कुल छूट चुके साथियों, राहगीरों से. ये ऊंचाई का सफर या वर्टिकल जर्नी एक दम से उठाकर दूर कर देती है. यहां भावनाएं गिर सकती हैं. हवा में ही किसी निर्वात में फिसल सकती हैं. या कहीं अटक सकती हैं. उन्हें दरकिनार कर देने का भी संयम नहीं बचता. उथल पुथल से भरे जीवन के परिणामों में आंदोलित होती चेतना का भी असर अलग से दिखता है. उसे पहचानते हुए भी समय नहीं होता कि उससे रुककर बात की जा सके. आपके सामने खड़ी आपकी शालीन चेतना मौन को अपना लेती है फिर तो...


आप भ्रमित से होते हैं. कोई ये शत प्रतिशत दावा नहीं कर सकता कि जड़ता या नींव पूरी पक्की ही रहेगी. नींव का भी तो कहीं आधार होगा. वो तो हिल सकता है. सब कुछ कहीं ना कहीं किसी पर टिका है. कहीं का भार कहीं ना कहीं. आप कहां टिके हैं, या कहां-कहां टिके हैं. अपने जीवन के हर पहलू में देखिए कि आप टिके हुए हैं. यकीन मानिए, भले ही आपका अहंकार आपको ये ना मानने के लिए जिद करे. आपके टिकते ही उस जगह के घिरने से आपत्तियां भी आपको ही झेलनी हैं. ये अदृश्य सहारे होंगे ही आप इनके बिना अपनी जगह नहीं भर सकते इस दुनिया में. आपकी निर्भरता रहेगी इनपर. आप चाहकर भी उनसे अलग नहीं हो सकते. ये सब उस ऊंचाई के सफर से पहले के बने हुए ढांचे के हिस्से ही होते हैं. पर उनकी तात्कालिक जरूरत बाद में रूप बदलती रहती है. आप समझा नहीं सकेंगे, ये जटिल होगा. इस प्रश्न का उत्तर भी नहीं मिलेगा.

अभीष्ट धारणाओं के साथ मिले लोगों से प्रियता बन जाती है. ये आसानी से होता है. पर उसमें कोई ट्रांजैक्शन नहीं होता. उनमें एक दूसरे के पास रख देने भर का मौका होता है. कि मेरी बात तुमने और तुम्हारी हमने रख ली. इनकी घनिष्टता तो आसान होगी. तो जरूरी तो ये है कि आप विपरीत या कम समान धारणाओं के लोगों में प्रियता बना सकें. इनमें घनिष्टता ला सकें. लेकिन अब इसमें दोनों की तरफ से पहल होने पर ही ये संभव होगा. एक भी अगर तैयार ना हो तो बात टूट सकती है. उनमें एक भी छल करेगा या अहंकार में डूबेगा तो संशय नहीं कि संबंध का अंत निश्चित है. इन दोनों की लंबी यात्रा में अगर निर्लज्जता आ जाए तो क्या कहने... फिर तो बखेड़ा खड़ा होना तय है. तो रास्ता क्या है?

रास्ता यही है कि नए रास्ते बनाए जाएं. अभीष्ट ना भी हो तो चलेगा. एक ही रास्ते चला जाए ये जरूरी नहीं. गति और वेग दोनों में फर्क होता है. इनमें बस दिशा का अंतर है. एक में मूवमेंट है पर दिशा निर्धारित नहीं. दूसरे में दिशा भी तय है. तो तय कर लो दिशा. बस ये दिशा केवल ऊंचाई की दिशा नहीं होनी चाहिए. धरातल पर भी थोड़ा बहुत मूवमेंट जरूरी है. धरती पर दाएं बाएं चलिए. आगे पीछे चलिए. फिर थोड़ा ऊपर जाइए. केवल एक बिंदु से वर्टिकल जर्नी पर जाएंगे तो शिखर पर पहुंचकर अगर फिसले तो वहीं गिरेंगे. वहां गिरे तो जो टिकने के साधन थे वही चटक जाएंगे. क्योंकि आपकी ऊर्जा दोगुनी हो चुकी होगी. पर वो वहीं जड़ होंगे.

जड़ता के साथ वर्टिकल जर्नी बेतुकी और असंभव बात है. आप गतिशीलता के साथ जड़ता को भी पकड़ेंगे तो टूट जाएंगे. ऊर्जा बढ़नी चाहिए ना कि जड़ता. अगर थोड़ी बहुत आ भी गई है तो यहीं छोड़ दो. अपने वेग से निकल पड़ो... बस

बदलती भूमिकाएं

प्रिय कौन हो? ये जबरन बनते हैं या अपने आप होता है ये? सिफारिशों पर मिलती उपलब्धियां क्या राहत पहुंचा सकती हैं. चालाकियां क्या सुकून दे सकती हैं? मन को गतिरोधों से मुक्त रखना क्या अब सही प्रक्रिया नहीं है? जटिल बनते जाना और सरलता का ढोंग करना उचित है? क्या सब कुछ परिस्थितिजनक है. क्या सब मौकापरस्ती है?

जीवन मौके दे रहा हो और उनसे विमुख हो जाना किसी पल आपका पूरा रास्ता बदल देता है. चाल कितनी तेज हो ये किसी को कहां समझ आता है. दूर की चमकदार वस्तुएं हमेशा आकर्षित तो करेंगी पर जरूरी नहीं कि हर सुदूर दिख रही चीज को हासिल किया जाए. हमें ये देखना है कि हमें क्या सुकून दे रहा है. किन हालात में हमें उन्हें पाने की कोशिश करनी चाहिए.

किसी भूमिका की लालसा उतनी ही करनी चाहिए जब आप उसके लिए पूरी तरह तैयार हों. हर भूमिका से ऐसी अपेक्षाएं और जिम्मेदारियां जुड़ी हुई हैं, जो बहुत ज्यादा अलग तरह की डिमांड करती हैं. आपको उनके लिए बिछ जाना पड़ता है. आप वहां अकेले होते हैं. कहने के लिए ऊपर होते हैं. पर वहां खतरा गिरने का है. गिरना आसान है वहां पर. गिरकर उठने वाली प्रेरणादायी बातें फिर बाद की हैं. पर वहां ये खतरा बरकरार रहता है. हम ऊपर उठ रहे हैं या स्थिर हैं. ये विचार हमें हिला सकता है. आप ठूंठ बन जाते हैं. आप अवसरवादी नहीं हैं तो आप अस्थिर हो सकते हैं.

ये अस्थिरता बड़ी आसानी से दस्तक देती है. कहीं से भी आएगी और नकारात्मकता छोड़ती जाएगी. इसके निशान इतने गहरे होते हैं, कि आपका दिल कभी संतुलित नहीं होने देती. जिसे जज़्बा कहते हैं वैसा भी कुछ ढीला पड़ने लगता है. यहां भूमिका बदलने की ऐसी तीव्र जरूरत महसूस होगी कि लगेगा अब तक की सारी भूमिकाएं अधूरी रहीं. उनका औचित्य परिणामहीन लगेगा. कर्म सारे व्यर्थ लगेंगे. हमें दिखाई नहीं देगा कि कहीं फलीभूत हो भी रहे हैं या नहीं. हम जोखिम के बीच रहेंगे और वो हमेशा गाढ़े होते जाएंगे और हम हल्के पड़ने लगेंगे. वो कोई फैसला नहीं लेने देंगे. वो बीच मझधार में फंसा देंगे और लगेगा कि हम कहीं जा ही नहीं रहे. अधूरे से पड़े रहेंगे. जालसाजी लगेगी हर तरफ. पानी रुका हुआ. गले में फंस जाएंगी आवाजें. जीभ रुक जाएगी. ना कुछ कहा जाएगा ना निगला जाएगा. ये सब गले में रुंध जाएगा.

इतनी बेचैन करने वाली अस्थिरता कि फिर कुछ समेट नहीं पाओगे. बर्ताव बिगड़ते जाएंगे. इसपर लगाम नहीं लगा पाओगे. कुछ ताने बाने ऐसे ही हैं कि इनका कुरूप स्वरूप दिख जाए तो घिन से भर जाओगे. घूम फिरकर सब उतार चढ़ाव की तरह होगा. ये दौर बिगड़ता रहेगा लेकिन बीतेगा तो ये भी. ऐसे में बहते रहना ही सर्वथा उचित होगा. कम सुनी हुई बातें या कम कही गई बातें दमित नहीं होतीं. उनका असर होता है कहीं ना कहीं. वो मन को दलित कर देती हैं. गिरा देती हैं. जब गिरा हुआ सा लगे मनोबल तो आसपास के वातावरण पर गौर करना जरूरी होगा. यकीन रखो साधनों से सुख का कोई संबंध नहीं है. एक सीमा तक वो प्राप्त होने के बाद अत्यधिक होने में कष्ट ही बढ़ता रहता है

सब कुछ बरकरार नहीं रह सकता. कितना भी किसी भी आकार प्रकार की बनावट हो. जीवन चलगामी है. इसकी अवस्था हर वक्त बदलती है. हमें अधिकार मिलते हैं, फिर बदलते हैं. जुनून में उन्हें स्थायी समझने की गलती हम ना करें. जो पिघल रहा है वो पिघलेगा ही. उसे नहीं रोका जा सकता. ये संक्रमण की तरह है, जिसने छुआ वो झुलस जाएगा. साधनों के होते हुए भी उनका उपभोग संभव नहीं होगा. संघर्षरत जीवन में गिरते पड़ते कहीं ना कहीं तो पहुंचना होगा. कहीं पर रुकावट होगी, वहां से सफर बदलना भी पड़ सकता है. इसलिए अत्यधिक स्थायित्व की अपेक्षा में पड़े रहना हल नहीं है.

 

तार टूटे तरंग नहीं...

 

हम इरादों की कितनी तस्दीक करें. कितनी शिकायत करें, कितनी कल्पना करें. सब बेवजह हो जाता है तब जब कोई समझना नहीं चाहे. घृणा मन को सड़ा देने वाला ऐसा अवगुण है जो मन को कंगाल कर देता है. इसी तरह ईर्ष्या ऐसा अम्ल है जो सब झुलसा सकता है. सारे रिश्तों को. ऊपर से अहंकार की गार्निशिंग इसपर ऐसा बोझिल जीवन तैयार करती है जो जीने लायक नहीं बचता. यहां बेशकीमती संबंध भी पानी मांग जाते हैं पर उन्हें पानी देने वाला नहीं मिलता.

इतना बेबस कर देती है ये मन को कि फिर आप बिल्कुल अकेला महसूस करते हैं. सभा के भीतर भी रहते हुए. भरोसे की कड़ियां सब ख्याली बातें लगती हैं. इनमें रस नहीं बचता. बिल्कुल भी स्वाद नहीं. पानी की तरह उदासीन भी नहीं. जो केवल बस शीतलता ही दे सकें. वो बस नाम के विपरीत हो जाता है. बिना ठंडक पहुंचाए. ना राहत.

उदासीनता ही दरअसल सर्वश्रेष्ठ चुनाव हो जाता है, इन कठिन परिस्थितियों में. यही तो निर्णय है, जो बस अंत में हम कर पाते हैं. या कर सकते हैं. बहुत कुछ अनुचित से बचते हुए और उसे दूर करते हुए. उदासीनता निर्लिप्त ना होना है. अलग होना है गैरजरूरी गलतियों से. जो जाने अनजाने नहीं बल्कि गहरी मंशा से की जाने लगें. जो साज़िशों की तरह प्रतीत हों. अहंकार जब फलने फूलने लगता है, तुलनाएं हावी होती हैं, तो बस ये उनसे मन को बचाने के लिए जरूरी हो जाता है. ये दवाई बन जाता है. ये राहत दे सकता है. ये मरहम का काम कर सकता है दर्द में.

हालांकि, इसका चयन करने से लेकर इसे परिणाम तक पहुंचाने में एक बेहद जटिल प्रक्रिया से होकर गुजरना होता है. इसमें हर तरफ एक मुश्किल रहती है. कोई उपलब्ध महसूस नहीं होता. कहीं पर भी कुछ गैर-हासिल सा लगने लगता है. किसी गतिविधि का कोई परिणाम नहीं महसूस होता. ना ही उन परिणामों से कोई उत्साह की अनुभूति. पर हमें इसे करना होगा. ये बेहद अहिंसक होगा. अहिंसा मनोवाचित गुण वाली ना कि एक रणनीतिकार की बनाई हुई प्रक्रिया. मनसा वाचा कर्मणा अहिंसक होना ही सर्वथा उचित है. हर बार कांट छांट करते रहोगे तो खुद भी कट जाओगे.

याद रखो तार काट सकते हो पर तरंगे नहीं. उन तरंगों का चुंबकीय प्रभाव आपको जोड़े रख सकता है. आपका यकीन उन चुंबकीय किरणों पर होना चाहिए. जो आपके अंदर हमेशा परिलक्षित होती रहें. इनका असर कोई खत्म नहीं कर सकता.

गहन चिंतन करेंगे तो पाएंगे कि वो एक दायरे की वस्तु हैं. चुम्बकत्व की तरंगे अपनी हर दिशा में फैलती हैं. जो उनसे वास्ता रखने वाली तरंगे या उनके अनुकूल होती हैं, वो उनके प्रभाव से आकर्षित होती हैं और जो विपरीत होती हैं उनसे वे दूर भागती हैं. उन्हें कितना भी नजदीक लाने का प्रयास किया जाए, वो उनकी आंतरिक बनावट के चलते कभी करीब आ ही नहीं सकतीं. इसमें कितनी भी ऊर्जा की खपत की जाए. वो भौतिकी के सारे नियमों से बंधी हैं. उनका वह दोष नहीं, वे वैसे ही हैं. वो विपरीत हैं तो विपरीत ही रहेंगे.

 

 

आलीशान...

जब कथन गहराने लगे तो शयन हो
जब खतरा मंडराने लगे तो चयन हो
जब विष संतृत्त हो तब ही वमन हो
अतिरेक अपराधों का जब हो तो चरम हो
*
आलीशान दुनिया के राज काज इतने संकुचित होकर रह गए
फसादी कारोबार में आए और कामगार सड़कों पर ही सो गए
ठिकाने कहीं होते कहां हैं विवादों के
जो एक बार मन में आए तो यहीं के हो गए
*
कीर्ति उत्थान की एक वहम सी चीज है
जलवों में जो आए तो बस चुभती सी है
बाकी तो बस इरादों का खेल है दुनिया में
छलछलाते जश्नों में हर तरफ बदले में खौलती है
*








अर्धांगना

अर्धांगना तुम वीरांगना
तुम विपासना, तुम महात्मा
जन्म यह संयुक्त हो
जीवन संपूर्ण हो, प्रयुक्त हो
अलौकिक विधियों तक
ना आवेश हो पर
जीवनी शक्तियों का प्रबल आवेग हो...

अर्धांगना तुम नारायणा 
तुम अभिलाषा, तुम विपाशा
अग्रणी, सगुण, धीरात्मा
तुम वायुसम अध्याय हो
तुम प्रचंड विधियों तक
ना श्वांस हो पर
अदम्य अघोर का अनुशासित ध्येय हो

अर्धांगना तुम प्राप्त हो
तुम ही आध्यात्म हो...

नया सोपान

थककर चूर हो चुके क्रोध की आखिरी सांसें
पश्चाताप की पहली किलकारी होती हैं
उम्मीदों के एक नए सोपान पर
हक की बुनियादी उत्तराधिकारी होती हैं

हमराहों पर चिल्लाकर कितना घमंड कर लोगे
एकांत लम्हों में उन्हें यादों में कितना छू लोगे
बुज़दिली तुम्हारी हिम्मत की हार पर होती है
तिलमिलाहट पहाड़ सी ऊंची और पथरीली होती है

बेमन से उतरी ख्याली बात बड़ी भटकी हुई होती है
कविता कुछ और नहीं अक्सर उलझनें होती हैं
एहसास जब हो जाए उनके बस आने का
शिकवों सी वो शिकायतें अक्सर अधूरी होती हैं...

विशिष्ट




No more warm

Relationships are not warm enough 
To keep them protected now 
They become heavy to carry sometimes
 The reasons are various
 It’s the matter of age
With the numbers increasing in your life
The older you get with the time
 It becomes obvious to think about around 
The closeness it seeks 
Does not remain the same 
Throughout life this is complex 
To continue as it is 
It demands so much of expectations 
And their fulfillment
 But nobody can do it 
With their hundred percent 
No one

Vishisht

समग्र बंद और चौखट


दरवाजे बंद करना तब आसान है
जब रास्ते खुले हों
दीवारें तो पहले से बंद करती रही हैं
पर दरवाजों का बंद करना
हर गति को रोक देता है

ये चालबाजी से नहीं हुआ हो!
ये बेमिसाल बंद बुलंद है
बेख़्याली से बंद ख़्याली तक
फिर हर सरहद की तरह
बस दहलीज तक सिमटना
और पैरों में पड़ें बेड़ियां, वो भी बंद

ये जिस्म को रोकने नहीं आया
ये तुम्हें पूरा ना जकड़ ले
ये आख़िरी शाम ना हो किसी की
इस बेतरतीब बंद दुनिया की
कहीं अब ना कहानी ही हो बंद!

उलझकर क्या करना
अब उलझनें भी हो बंद...

विशिष्ट

Tricky Terrain


When you are charged, 100 percent involvement is there but you are unfulfilled. When you are young and attracting a lot of energies from different sources you fail somewhere to align them in a way that they don’t create ruckus in your mind. This is very tricky terrain to go from. You feel so adventurous and alienated at the same point. Despite being on your highest peak you feel singular. All life becomes single operational. Your mind is chasing things which seem difficult to accomplish but you find yourself in a position that they are very easily available all around.
वो सब है यहीं कहीं
किसी कोने में नहीं, बेहद नजदीक ही
जैसे तहकर रखा हो संभाले हुए
इतनी सादगी से किसी ने
कि तुम उलझ जाओ इतने भर में
सब इर्द गिर्द की रस्में
आधे अधूरे पर आलीशान
ढंग और ढर्रे पर तो नहीं मिलते
बनावटी नहीं लगते
दुर्ग बड़े होकर भी कंगाल हो गए
सब चमक तो कहीं जज़्बे और जज़्बातों की रही
वरना इंसान कहां परेशान नहीं रहे...


Fake manifestation

Beauty is manifested in resolutions and pixels but that is not real. You communicate it through your fake images. These images are captured by artificial instruments. All these things are known to everyone. But they can’t predict the outcome of this fake projection. Are we living in artificial world? 

Yes we are. Why are we living a fake life? Are we really happy in this fake reality? No, we are not. I can claim that most people will answer in ‘No’. When was the last time we were happy with our reality? Not much time has passed in this transition. We are becoming arrogant somewhere for what we project. 


We expect that we will be liked by all. You will find all the reactions and feedback we are receiving on our communication are similar and are in a pattern. We are made limited to buy same content and adversaries those are being sold by the advertisers. 


You buy an edible product from the market that can be cooked at home. You find the taste is always same. Not even the quantity of salt, sugar or spices do change ever. But when you cook it in your own kitchen with ingredients of love and compassion, it becomes extraordinary. From where that taste does come? You may have noticed that we enjoy companionship rather than alienation. 


You can like any hell that goes in this companionship. It is always helpful in nature in a way or other. Despite that we are projecting ourselves exclusive in the world. All forces are making you to do this only. They are making you to lose companionship, come and stand alone on the road. Then they will target you for something that is not very required for your life, but you consume it anyway. It can be a product, any idea or impression. You adopt it to change your life in the name of lifestyle but those are irrelevant until you accept things those are really mandatory for well being.


Whatever we get is an outcome of our thoughtless consumption. This is the result of continuous adaptation of societal patterns. We have option to segregate their holds. But if you are not capable enough to do so, it will deal you according to its basic thriving exercise. It nurtures you for its own survival. This is dependent upon you for what it develops is adopted by you. 


This is replacement or exchange of deeper deal. It gives you certain culture and takes values from you. First it penetrates into your life and it encroaches your valuable time and energy. You find your life is being affected by this. It affects your mental health and well being. In all this amazement of unclear surrounding you fail to judge the root of the problem. It is just that image you feel related to or that you want it to be. 


Not always your conditions are favorable. They change according to the time and availability of resources. It is up to conscious decisions what we chose and what we develop for ourselves. We definitely want to develop certain environment for us where we do not feel conditioned. In this vital expectation of liberty we have to disclose our inner self somewhere. Here we get those platforms where we start projecting ourselves. In this universal space we want to create our own space. We spend a lot of time there and indulge in communications. Here starts the vulnerability of your emotional self. 


If you are not cautious enough you fail to manage your image here. You have duality of thoughts here what you are and what you project. Here comes the role of your ego, your experience and perception of beauty that leads you to the artificial world. That never satisfy you and this enigma never ends…  


आकाश के नीचे ही आशियां होता है

अक्स बड़ा बेरहम है
वो जैसा है वैसा ही दिखता है
चुपड़ा तत्व यहां नहीं टिकता है
वो बड़ा कर्कश हो या मधुर
उसका आकाश के नीचे ही
आशियां होता है
अक्सर ऊंच-नीच में
वो ही टूटता है, बिखरता है...

कहीं ना कहीं विवशता तो होती ही है. सीमाओं के सामने इंसान विवश ही है. उसके आगे उसके हाथ में परिणाम नहीं होते. योजनाओं की एक सीमा है. विचारों को कल्पना की उड़ान देते समय हमें धरातल पर भी देखना होता है. संभावनाओं के साथ उन्हें तोलना होता है. फिर भी एक बिंदु पर आपको उनके सामने क्षीण होना ही होता है.

ये अनुभव किसी बिखराव की तरह नहीं होता. ये बस आपके सीमित होने का आभास ही होता है. जिससे आपको विस्तार के संकल्प लेने में देरी ना हो. ये आपको थोड़ा गतिशील होने को भी प्रेरित करता है. विवशतावश इंसान सक्रिय भी रहता है. विशेषज्ञताओं से आगे बढ़ता है.

जरूरतें जीवन में खींचतान की तरह होती हैं. ये बाजार की तरह हैं वहां निकलते ही आप हर ओर से खींचे जा रहे होते हैं. हर तरफ आकर्षण इतना कि आप खुद भूल जाएं कि आप क्या हैं और बस कुछ और हो जाने को त्वरित लालायित हो जाएं. जरा उससे अलग होकर देखेंगे तो उनकी अनावश्यकता का आभास हो जाएगा. हम खुद आकर्षण हैं. हम इन हल्के आकर्षणों के प्रति कैसे खिंच सकते हैं. उनकी खींचतान में समय और साधनों को अनावश्यक व्यय ना करें तो बहुत कुछ आसान हो सकता है. मंजिल आसान हो सकती है.

क्या हमारे हाथ इतने मुश्किल में हैं कि वो रुक ही ना सकें. ऐसा नहीं होता. अनावश्यकता में हमें रुकना होगा. गैरजरूरी को गैरजरूरी मानना होगा. उसे सिद्ध करना होगा. हर मौके पर उसे ऐसे ही परिभाषित करना होगा. गैरजरूरी के ऊपर परत कोई भी चढ़ी हो. उसे यही कहना होगा कि ये जरूरी नहीं है. हालात एक सामान्य ढ़ंग से चलें ये ही अच्छा है. आपको बार-बार ये याद रखना होगा.

विवशता एक किस्म का खिंचाव भी पैदा करती है. जो आंतरिक होता है, ये प्रत्यास्थता की तरह है. इसे सिकुड़न भी कह सकते हैं. ये सारी परिस्थितियों के बीच आपको ऐसा सिकुड़ा हुआ सा इंसान बना देती है जो आपको कभी अपने भरोसे को मजबूत नहीं करने देती. आपको महसूस होगा कि ये आपको बढ़ने नहीं दे रही. कोई बात नहीं, आपको बस इतना ही करना है, इसके सामने दृढ़ता से खड़े होकर इसे चटका देना है. ये आपके आत्मबल से होगा. आपको बस तय कर लेना है कि नहीं मुझे इसमें फंसना नहीं है. ये मुझे कमजोर कर रही है. इसकी रुकावटों से मुझे रुकना नहीं है. इस ठहराव को घेर देना है. ये सब आप कैसे करेंगे?

इसका जवाब आपके पास है. आप जानते हैं कि आपकी मजबूती किसमें है. आप कहां कमजोर हैं. आपको इस विवशता को अपनी हेकड़ी से जवाब देना होगा. गौर से सोचेंगे तो पाएंगे ये एक मकड़ी के जाल की तरह है जो अपने आप खाली जगह को घेर लेती है. या समझेंगे कि ये किसी धुंध की तरह है, जिसमें हवा कम धुंआं और धूल ज्यादा होती है. ये चाहें मकड़ी का जाल हो या धुंध आपकी साफ-साफ देखने की क्षमता को प्रभावित करती है. आपको इसे अपने हाथों से ही हटाना होता है. धुंध कांच पर जम जाए तो गाड़ी चलाना खतरनाक होता है. अरे भाई दिखेगा ही नहीं तो आगे कैसे बढ़ेंगे!

मन का भी कुछ ऐसा ही हिसाब है. वक्त-बेवक्त आपके मन पर धुंध जम जाती है. मकड़ी अपना जाल बना लेती है. ये सब खुले आसमान के नीचे हो रहा है. इसके लिए आपको या तो हल्की सी पानी की शीतल फुहार मन पर बरसानी होगी. या झाड़ू उठाकर पूरा मकड़जाल साफ कर देना होगा. ये दोनों ही बेहद आसान काम हैं. दो मिनट के काम. लेकिन आप अपने आलस्य में या व्यस्तता में ये सब नहीं कर पाते. आप इन्हें अनिवार्य काम समझेंगे तो आप कर लेंगे. जब भी जरा सा भी समय हो तो पहली फुर्सत में आपको ये दो काम करने होंगे.

बस आपके समझने की देर है...

कंदरा में अंतरिक्षयात्री

हम कंदराओं में तो बैठे नहीं हैं जो आंखें मूंद कर सारी घटनाओं को नजरअंदाज कर दें. कंदराओं में बैठना अलगाव से प्रेरित होकर लंबे समय के लिए विमुख हो जाना है. विमुख होना अच्छा है पर एक हद तक ही. समय-समय पर वापस नगर के रास्ते भी आना चाहिए. घटनाओं को नजरअंदाज ना करें उनसे दूरी भले बना लें. कट जाना कोई विशेष योजना नहीं हो सकती. पर कभी-कभी एक गहरी जरूरत पर जरूर इस योजना को साकार करना पड़ता है. किसी खास घटना से कट जाने में ही भलाई है. नहीं तो ना नगर में जगह मिलती है ना कंदरा में. क्योंकि वह आपका मन, धन और आत्मा को दूषित कर देती हैं. ऐसी घटनाओं से तो कटना ही अच्छा.

विशेषताएं जरूर अहमियत रखती हैं. विवेक के बीच की परतों में तमाम विशेषताएं हैं. हमारे मन के बीच कितनी कंदराएं हैं. वो सभी विभिन्न विशेषताओं से परिपूर्ण हैं. हम तलाश में निकलते हैं. कहीं किसी विशेषता से तत्काल प्रभावित होते हैं और वहीं ठहर जाते हैं. फिर जरा सा विमुख होने की संभावना बनते ही एक अलग कंदरा की ओर आकर्षित हो जाते हैं. ये एक जटिल और लंबा रास्ता है. जो मन तय करता है और ये सब मन के भीतर ही होता है. मन का विस्तार ही इतना विशिष्ट है कि ये सुदूर तक हमें अटकने नहीं देता. ये कहीं भी नहीं फंसाता. ये फिर खींच लेता है. चाहें आप कितनी भी दूर हों. 

मन छवियां गढ़ता है. ये खुद को बनाता है फिर बिगाड़ता भी है. आप कितनी भी कोशिश कर लें, ये आपको बिना स्वरूप विशेष का भान कराए नहीं रह सकता. ये आपको राय बनाने में मजबूर करता है, फिर ये उसे ही तोड़ने पर लग जाता है. ये विस्मय देकर आपको चकित कर देगा, तो कभी आपको दो विकल्पों में उलझा देगा. यहां आप कुछ भी तय ना कर पाने की स्थिति में होते हैं. इस द्वैत की उलझन में आपको मजबूरी में द्वंद्व में पड़े रहना होता है. आप कभी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचते. दोनों की विशेषताएं रोककर रखती हैं. 

विश्वसनीयता भी एक बड़ी चीज है. हमारा नगरीकरण इस तरह का है कि हम विश्वास नहीं कर पा रहे हैं. हर व्यक्ति संदिग्ध है. आप किसी भी किस्म की छवि बना लें किसी के सामने. आपको परेशानी ही होगी अपनी विश्वसनीयता साबित करने में. एक जटिल प्रक्रिया हो गई है अब तो खुद को भरोसेमंद साबित करने में. आपके रक्त से ज्यादा आपकी संपत्ति की कद्र है. आपके स्वभाव से ज्यादा आपकी हरकतों की कद्र है. आपकी अभिव्यक्ति से ज्यादा आपकी अश्लीलताओं की कद्र है. एक विचित्र माहौल है जो हमें इतना नकली बना दे रहा है. हमारी असलियत और असली रूप की जरूरत ही नहीं मालूम होती. आप अपने असलीपन को व्यक्त ही नहीं कर पा रहे. आपको आसान होने में दिक्कत महसूस होगी.

महानगर तो कंदराओं से भी गए गुजरे हैं. यहां शोर में आपको अपनी आवाज भी सुनाई नहीं देती. आपकी आवाज कहीं दब जाती है. आपको बोलने में परेशानी होने लगती है. चीखकर कुछ कहेंगे तो भी उसे सुनने वाला नहीं होगा. मूल्यवान बात कहेंगे तो उपहास होगा. आप असली होंगे तो आप हल्के महसूस कराए जाएंगे. जितना नकली होंगे, उतना आप अट्टहास के हिस्से बन पाएंगे. हास्य-विनोद सब स्तरहीन हो जाएंगे. आप रूठते जाएंगे समय से, असमय से. आप बेतुके से महसूस होने लगेंगे. इस बेतुकेपन में जितनी रिक्ति पैदा होगी वह आकाश तक यहां तक कि अंतरिक्ष तक सीमा विस्तार कर लेगी. जिसे भरने में पूरा संसार कम पड़ जाएगा.

ये सारा अंतरिक्ष आपकी एक कंदरा के भीतर किसी कोने में पड़ा होगा. आप जरा सा नजर फेरेंगे तो फिर से एक नया कोना दिखाई देगा. उस तरफ रोशनी दिखेगी. वहां चल पड़ेंगे कुछ नया पाने के लिए. एक नया अंतरिक्षयाक्षी बनने के लिए. मन का अंतरिक्षयात्री...

जीवन एक आध्यात्मिक प्रयोगशाला

जीवन विचरण के लिए एक रास्ता कहलाता है. हालांकि केवल कहे जाने में और सुने जाने में यकीन करने वाला जीवन भी कोई बहुत उम्दा उदाहरण नहीं हो सकता. बात जीवन की हो तो कुछ करने, कुछ साबित कर दिखाने वाला जीवन ही बेहतर हो सकता है. ये एक प्रयोगशाला बन सकता है. प्रयोग ऐसे जो कभी एक कल्पना हों और जब उन्हें किया जाए तो किसी आश्चर्यजनक नतीजे तक पहुंच जाएं. वो ऐसे निष्कर्ष दें जो दुनिया को हैरान कर दें. ये बेहतरीन हो सकता है.

हमारी क्षमताएं बहुत बड़ी होती हैं. हम उनपर ध्यान नहीं देते. कभी ये इतनी गुम हो जाती हैं कि आंखों से नहीं दिखतीं. कभी कोई झटके से आपको याद दिला दे तो लगेगा कि अरे ये तो हमारे भीतर कुछ था जो हम खो रहे थे. या आंखों के सामने होने के बाद भी दिखाई नहीं दे रहा था. ये ध्यान भटकने की तरह था. कुछ सुनाई देने के बाद भी अनसुना हो रहा था. अचानक कोई आपको टोक दे यहां. बस इतनी सी ही देर होती है कि आप चौक जाते हैं. अपने आपको ही हैरानी से देखने लगते हैं. अपनी मूर्खता पर खुद ही हंसते हैं. अपने भटकने को समझ जाते हैं. ये दूसरे की आवाज कभी कभी इतनी दैवीय होती है कि हमें उलझने से बचा लेती है.

दरअसल सब कुछ तो उलझन से निकलने की कवायद ही है. जितनी आसानी से उलझनों से निकल लिया जाए उतना ही जीवन आसान लगने लगता है. ये बड़ा जटिल हो जाता है अगर आप एक ख़ास मार्ग पर नहीं चल रहे होते. कुछ हमारे इंसानी दायरे से हटकर घटित हो तो जरूर हमें सोच लेना चाहिए कि ये हमारे हाथ का नहीं है. ये संपदा कुछ बाहर की ही है. इसे बनाए रखने की जुगत भी करनी चाहिए. सब कुछ उसे भटकाव से बच निकलने का रास्ता ही लगने लगेगा. बेतरतीब सा कुछ जो बस आसान सा हो जाने को उत्सुक हो. कुछ अचरज सा दिखे, कुछ बड़ा अनोखा सा. जो लंबे समय से ना देखा हो.

हम थोड़ा आगे बढ़ने पर बहुत कुछ पीछे खो रहे होते हैं. हमारी जीवनशैली कुछ ना कुछ भ्रष्ट हो रही होती है. हम उसके परिणामों को देखकर समझ रहे होते हैं पर हर बार में निष्कर्ष पा ही लें ऐसा भी नहीं होता. हर वस्तु का उपयोग, हर संबंध का उपभोग, हर उदासीनता के पीछे का लगाव और हर प्रयोग के पीछे की वस्तुस्थिति एक परिणाम निर्धारित कर रही होती है. अगर इन सबको एक बड़े निष्कर्ष तक पहुंचाना हो तो जीवन को एक आध्यात्मिक प्रयोगशाला बनाना ही पड़ेगा. हर चीज अपने आप अनोखी हो जाएगी. आपकी हर गतिविधि किसी संरचना और व्यवस्था का हिस्सा लगने लगेगी. जब आप ऐसा महसूस करेंगे तो इतना ताकतवर हो जाएंगे कि फिर सारे रास्ते अपने आप पार हो जाएंगे. फिर ज्यादा प्रयास नहीं करना होगा. सब व्यवस्थित ढ़ंग से स्वतः संचालित होता प्रतीत होगा.

विषय इतना सा ही है कि जब भी मौका लगे, मुड़कर देखें जरूर. एक यात्रा की बारिकियों को जरूर महसूस करें. आनंद कहीं किसी एक क्षण में मतलब भर को मिल जाएगा, तो कभी उसकी कमी खलेगी भी फिर भी कुछ ना कुछ ऐसा मिल जाएगा जो रसदार होगा. हर मौसम में आपको जीवन स्वादिष्ट लगेगा. हालांकि ये विचार अपने आप में उपभोगवादिता का प्रवर्तक लगेगा, लेकिन आध्यात्मिक प्रयोगशाला में उपभोगवाद भी अपने आप एक प्रयोग मात्र है. वह उसका एक अंश मात्र है. वह उससे बड़ा कभी नहीं हो सकता. उसकी जटिलताओं में जाने का लाभ ही क्या?

विचारों को भी जटिल बनाने का कोई लाभ नहीं. अगर विचार ही जटिल होंगे तो प्रयोग भी जटिल, निष्कर्ष भी जटिल. व्यवस्था वही सफल हो सकती है जो सरल हो. सरलता हमेशा आकर्षक होगी. आकर्षण कुल मिलाकर अच्छा ही होता है. इसलिए जीवन का आकर्षण बनाए रखें. इससे कभी दूर ना हों और हर बार इसकी प्रयोगशाला में प्रयोग जारी रखें. ये रोज आपको नए निष्कर्षों पर पहुंचाएगी. जो विनोद और कल्पनाओं के बीच सामंजस्य बिठाने में आपकी मदद करेगी. यात्रा सुलभ होगी तो विनोद भी बना रहेगा. कोशिश जारी रखिए... 
















खुश रहने के लिए

खुश रहने के लिए वजहें तलाशने की जरूरत है. जब ये कम पड़े तो आसपास से मुंह मोड़ लें. जरा अंदर झांक लें. अंदर ना मिले तो कोई वजह जरूर तलाश लें. ये मिल जाएगी कहीं ना कहीं. एकांत बुरा नहीं होता. इसे संवारने की जरूरत होती है. एकांतवास में खुशी हमें खरीदने से नहीं मिलती. ये हमें खुद ही बनानी पड़ती है. मौके तलाशने होते हैं. कभी-कभी तो बस ऐसे ही बहाने ढूंढ़ने होते हैं. कुल मिलाकर खुश रहना होता है.

हम इतनी जल्दी में हैं कि ज़िंदगी में जरा सा भी ठहरना नहीं चाहते. सबकुछ इतनी तेजी से कर रहे हैं कि पूछिए ही मत. हाथ जल्दी जल्दी चल रहे हैं. फुर्ती एक अलग चीज है पर जल्दबाजी अलग. फुर्ती में हम एहसासों को तो नहीं भूल रहे होते. काम के साथ एक तसल्ली वाला एहसास और उसके बीच लगन के साथ एक उत्साह. जो लगातार सक्रिय रहने को प्रेरित करता रहे. पर जल्दबाजी में क्या रहता है? इसमें तो बस सब हिसाबी किताबी हो जाता है. इतने वक्त की इतनी कीमत और उतने वक्त की उतनी. इसी गणित में ज़िंदगी बीत जाए.

ज़िंदगी जल्दी बिताने को लेकर भी तो हम सभी इतने तल्लीन हैं. जरा भी नहीं ठहरते, कहीं पर भी नहीं. बस कट जाएं दिन और रात. जैसे तैसे. घड़ी बस चलती रहे यही दिखे. कहीं ना कहीं हमारे नए नज़रिये की गुंजाइश नहीं रहती यहां. बिताने पर ही जोर है. जब कुछ काटा जाएगा तो वो कष्टप्रद ही तो होगा. अलग हो जाने की कवायद में दर्द देने वाली बातें. कुछ लोगों की तो इतनी हिम्मत रहती है कि वे बस धकियाने में यकीन करते हैं. ढर्रे पर नहीं चले तो धकेल कर ही सही. कुछ ना कुछ धक्के के लिए चाहिए. चाहें वह किसी तरह हासिल हो.

हासिल करने मात्र में खुशी नहीं मिल सकती. खुशी हासिल कर लेना नहीं हैं. ये एक निर्माण है. वो कोई हासिल नहीं है. वह किसी पर आधारित नहीं है. वह कोई आरेख नहीं है. वह कोई चीज नहीं है. वह रवानगी में है. वह निरंतरता में है. वह सतत है. वह विचार है. ऐसा सतत विचार जो बस रोम रोम में समाहित रहे. खुशी कभी बीतने वाली भी नहीं है. कि वह आज है कल नहीं होगी. वह इतनी शक्तिशाली है कि वह हमेशा रह सकती है. हमारे साथ, हमारे भीतर. हम उसे तलाशें, जब खोती हुई मालूम हो.

खुशी कहीं ऊर्जा का स्त्रोत मात्र ही है. ये कम या ज्यादा जरूर लग सकती है. वह घट सकती है पर खत्म नहीं हो सकती. वह प्रभाव नहीं है. वह आधार है. यह निर्मित नहीं है यह निहित है...





ठहरने की जगह

कहीं ना कहीं ठहरने की जगह चाहिए होती है. जीवन में जैसे रहने के लिए थोड़ी सी जगह चाहिए वैसे ही हर बार ठहरकर इधर-उधर थोड़ी समझ पाने के लिए देखने की भी जगह जरूर चाहिए होती है. हम किसे अपना समझें या किसे नहीं. किसे अपनी जगह कहें, ये यात्रा के पड़ाव में बदली हुई सी लगती रहती है. क्योंकि ये बदलती ही रहती है. हमें ज्यादा देर नहीं करनी चाहिए. जैसे ही असहजता की स्थिति बने, जगह बदलती रहनी चाहिए. ये कभी कुछ सिखाएगी, तो कभी कुछ ना कुछ देकर जाएगी. भीड़ से दूर बनती गुंजाइश में जहां मिले, वहां जगह घेर लेनी चाहिए. हर जगह की खूबियों में दिलचस्पी होनी चाहिए.

कभी-कभी बड़े उलझे हुए से विचार मन को उलझा देते हैं. प्राथमिकताओं को तय करने के लिए जब हम सूचीबद्ध हो रहे होते हैं, तो ये जरूर अपनी अड़चने पैदा कर रहे होते हैं. हमें गिनी चुनी व्यवस्थाओं में से एक जगह की व्यवस्था भी करनी होती है. उस जगह की विशेषताओं को अपनाना होता है. समीक्षा करेंगे तो हर तरह की विशेषताएं सामने आएंगी. जगह तो दरअसल सिर्फ जगह है, हम अपनी जगह घेरते भी हैं और अपनी जगह बनाते भी हैं. हमारे होने भर से जगह की बनावट बदलती रहती है. आज हमारा जगह को लेकर जो नजरिया है वह भी बदल सकता है. जरूरी नहीं कि ये हमेशा एक जैसा रहे, ये हमारे अनुभवों के साथ बदल सकता है.

कई बार हम समझ नहीं पा रहे होते हैं कि एक जगह हमें कैसे सुलभता की ओर ले जा सकती है. तो कहीं हमें लग सकती है कि कैसे एक दुर्लभ जगह के हम हिस्सेदार बन जाते हैं. कभी-कभी हम ना चाहते हुए भी ऐसी जगह पहुंच रहे होते हैं जिसकी अहमियत हमें तुरंत समझ भले ना आए, लेकिन एक प्रतियोगिता में वह बहुत ही श्रेयस्कर होती है. जैसे हम खुद को हर वक्त बदलते रहने की चेष्टा नहीं कर सकते. हम अपने होने में ही खुश होते हैं. जैसे हैं वही बने रहने में सुलभ होते हैं वैसे ही इन जगहों के साथ भी है. ये कई बार अपनी बनावट में ही रहना चाहती हैं. हम इनके संकेतों और अपेक्षाओं के अनुरूप बस जरा सा ढ़लने का प्रयास क्यों ना करें.

एक जगह बोझिल कैसे हो सकती है, जब तक कि हमारा मन ही स्वीकार ना कर ले कि ये उपयुक्त जगह नहीं हो सकती. ये हमारे अनुरूप नहीं है. यहां हमारी मन पसंदगी जरूर बीच में आएगी. हम तय कर लेंगे कि हां ये ही हमारे लिए सही थी, तो दूसरी ओर दूसरी चीज की तरह हमारी नापसंदगी भी सामने आएगी.

हम कब तक किसी चीज की कद्र करते हैं, जब तक कि हम उससे किसी ना किसी मूल्य की प्राप्ति करते रहते हैं. हमेशा मूल्यवान चीजें ही आकर्षित करती हैं. अच्छा होगा कि हम इस लालच से हटकर भी चीजों की कद्र करना सीखें. हम खुद के साथ तो हैं ही. हमसे बढ़कर हमारा साथ कौन दे सकता है. ये नितांत एकांत जगह होगी, निर्जन हो जाएगी. आप निर्जन को रंगीन करना चाहते हैं. निर्जनता को निर्जनता ही रहने दें. आप रंगीन हो जाएं. रंगीन में अगर निर्जनता की जरूरत लगे तो मन को निर्जन कर दें, जगह को निर्जन करने का प्रयास ना करें. क्योंकि एक ही जगह की आवश्यकता कई लोगों को हो सकती है. एक ही जगह किसी के लिए निर्जन तो किसी के लिए रंगीन हो सकती है.

शर्त यही है कि हम अपने मन को ही सुरक्षित करके रखें. हर जगह पेंट करने की जरूरत नहीं है. हर जगह पर पर्दा डालना जरूरी नहीं है, जो दिख रहा है उसे छिपाने की क्या जरूरत? जो बोझिल है उसे बोझिल ही रहने दो. जो आनंददायक है उसमें आनंद लो. 

गौर करके देखेंगे तो हमारा मन जबरदस्ती समस्याएं तलाश रहा होता है. हम सुलभता देना नहीं चाहते. हम समन्वय नहीं करना चाहते. सहकार्य नहीं चाहते. हम घुलना मिलना नहीं चाहते. कभी कोशिश करके तो देखिए पत्थर पर उंगली ही घिसकर देखिए. लकीर नहीं खिंच सकती तो क्या कोशिश तो करिए. सहजता और विषमता कोई भी परिस्थिति हो उनसे निपटने का प्रयास करें. जगह कोई भी हो वहां रहें, ठहरें और इसे सुलभ बनाएं, सहज बनाएं, ये हमारे हाथ में है. हम यहां हेकड़ी ना दिखाएं. इसे प्रेमपूर्वक पार करें. यात्रा का एक पड़ाव मात्र है, कुछ वक्त गुजारने के लिए यहां टिकना जरूरी है. ये स्थाई नहीं हो सकता. कभी नहीं, ये सिर्फ एक जगह ही तो है...



विनाश से निकलें तो कहां अटकें?


विनाश पूर्वाभास देता है. विनाश एक ऐसी क्रिया है जो परिणाम होती है. विनाश कभी आरंभ नहीं हो सकता. विनाश अंत होता है. किसी कहानी का अंत, किसी जीवन का अंत. वो कभी शुरुआत नहीं होता. विनाश एक सतत प्रक्रिया है. जो विशुद्ध रूप से लगातार किए गए कुकर्मों का फल ही होता है. विनाश को समझने की जरूरत है. विनाश से भिन्न होना हर कोई चाहता है. कोई इसका हिस्सा नहीं होना चाहता. ना ही कोई इसका भागीदार. ये परिणाम कोई कैसे स्वीकार कर सकता है. किसी के हिस्से का सर्वनाश कोई क्यों बर्दाश्त कर सकता है.

विनाश कोई क्षणिक घटना नहीं हो सकती. कहा जाता है कि कुदरत की मर्जी के बिना एक पत्ता भी नहीं हिलता. नियति ही सबकुछ निर्धारित करती है. ये सारी गतिविधि एक लंबे समय तक चली किसी प्रक्रिया के फलस्वरूप होती है. जैसे धीमे-धीमे सुलगकर खाक़ हो जाना. खाक़ हो जाना बुरा ही कहा जाता है. फ़लसफ़ा अच्छाई और बुराई का सदैव चला है. इसमें कोई नया अध्याय नहीं जुड़ा है. जबरदस्ती कोशिशों के बाद भी निर्माण ही अच्छा कहा जाता है विनाश कभी नहीं.

सब ऊर्जाओं का खेल है. ये लगातार एक किस्म का संघर्ष है जो कहीं ना कहीं चलता ही रहता है. बुद्धि की इसमें बड़ी भूमिका है. हम एक किस्म की करीबी का चयन तो कर सकते हैं. आपकी बुद्धिमानी तब तक ही श्रेयस्कर है जब तक कि संघर्ष में वह निर्माण के पथ पर ही चल सके. अगर ये बुद्धि विनाश की ओर अग्रसर है तो उसका तिरस्कार ही सर्वथा उचित है.

सभी नैतिकता के सवाल हैं. अनैतिकता एक दुर्गुण ही कहलाती है. अनैतिकता पर चलकर जो शीर्ष पर पहुंचकर उपहार मिलता है वही तो विनाश है. विनाश कभी प्रिय नहीं होता. इससे बचने की कोशिश हर संभव की जानी चाहिए. यहां कोशिश कर लेना बुद्धिमानी ही कहलाएगा. जब अनुमान लग जाए, जब पता चल जाए कहां गलतियां हो रही हैं. आपको एक अलर्ट मिल जाए, तो कहीं ना कहीं नियति ही तो अंदेशा दे रही होती है. उसको सुन लेना गलत कैसे हो सकता है?

उचित क्या है अनुचित क्या है ये सभी बातें पहले से ही निर्धारित हैं. विनाशकाले विपरीतबुद्धि ये भी कहा जाता है. पर विनाशकाल के समय बुद्धि का विपरीत होना भी एक परिणाम है. वह प्रारंभ नहीं है. ये संभव हो सकता है कि हम परीक्षण करें, शांतिपूर्वक समझते हुए विश्लेषण करें, आत्मचिंतन करें. एक स्थान विशेष पर यह संभव ना हो सके तो कहीं स्थान परिवर्तित कर इसके लिए समय निकालें.

विपरीत बुद्धि एक बड़ी असफलता है. यह लगातार आपकी कमजोर हो रही कड़ियों का दुष्परिणाम मात्र है. बुद्धि एक बड़ा अच्छा उपकरण है. इसका प्रयोग सकारात्मक हो, सृजनात्मक हो तो ये आपको सदपरिणाम दे सकती है. उन्हीं की अभिलाषा की जानी चाहिए. अच्छे कर्मों के माध्यम से अगर आप सद्परिणाम की अपेक्षा करते हैं तो ये कोई लालच नहीं है. ये सर्वांगीण उद्देश्य बन सकता है. विपरीत बुद्धि एक अचानक हुई घटना नहीं हो सकती.

विपरीत बुद्धि होने से पहले कई बार संकेत देगी. आपको अंदर की आवाज सुननी होगी. बुद्धि बोलती हुई वस्तु है. वह एक बड़ी घोषणा है. आप यहां पर अपने कान बंद कर सकते हैं. या जोर से आ रही आवाज को सुनकर सतर्क हो सकते हैं. आपको सतर्क होने का मौका बुद्धि ही देती है. बुद्धि कभी इतनी कठोर नहीं हो सकती. बुद्धि बड़ी ताकतवर है. ये आपको संकल्पशक्ति, इच्छाशक्ति और कर्मशक्ति देती है. ये सारे उपकरण इस नन्ही बुद्धि में ही समाहित हैं. बस तय आपको करना है कि आपका मुकाबला किससे है.

विनाश से पहले बुद्धि बहुत कठोर हो जाएगी. वो आपको झकझोर देगी. हिला देगी इतना कि आप बिजली के झटके की तरह दूर गिर पड़ेंगे. पर बस उसके बाद का आपका अंतिम संकल्प आपको कथित नियति को नियति बने रहने और इस मिथक को सच साबित करने देने का फैसला दे सकती है. दूसरी तरफ यही आपको विनाश से अंतिम बार बचा सकती है. सब इस अंतिम फैसले पर निर्भर करता है. तय आपको करना है कि आपको क्या करना है.

सहनशीलता का परिचय


सहनशीलता का परिचय कितना हो, किस हद तक हो. ये सब हमें ही एक ना एक दिन तय करना होता है. विषय केवल इतना है कि आप गैरजरूरी होने की हद तक बर्दाश्त कर पाते हैं या नहीं. व्यक्ति विशेष कब आपकी क्षमता का परीक्षक बनकर सामने आ जाएगा आप यकीन नहीं कर सकते. हद होने पर आपको अधीर हो जाना चाहिए. अपनी तकलीफ बयां कर देनी चाहिए. इसमें कोई बुराई नहीं. भले आपका असर असहनीय हो जाए फिर, सामने वाले को उसे फिर झेलना होगा. क्योंकि शुरुआत उन्होंने ही की है.

अहिंसा को कहा तो गया है कि ये महिलाजनित गुणधर्म है. बिना मनसा वाचा कर्मणा किसी को चोट पहुंचाए आप क्लेश की हद तक खुद को जलाते हुए दूसरों के सामने खुद को दर्शाते रहें. ताकि दूसरे को अपराधबोध हो सके. अगर आपका ये आग्रह इतना प्रभावशाली हो कि सामने वाला प्रभावित हो जाए. तो आपकी यही सक्षमता आपको अहिंसक होने का विशेषण भर दे देती है. आप कुछ भी कर लें लेकिन आप इन गुणधर्मी विशेषताओं से विमुख नहीं हो सकते. लेकिन इसके बाद भी एक ना एक दिन आपके सामने ऐसे हालात आते हैं कि आपको इन विशेषताओं को भूलकर प्रतिकूल व्यवहार करना पड़ता है. फिर चाहें आप अकेले ही क्यों ना हों. वहां आप मजबूती से खड़े रहते हैं. सीमा पार होने पर आप अपनी विशेषताओं के खिलाफ जाने से खुद को नहीं रोक सकते.

ऐसे मौकों पर आप जरूर चले जाइए. पंक्ति से निकलकर दूर खड़े हो जाइए और कह दीजिए खुलकर, आपत्तियों को जता दीजिए. बुरा महसूस होने का अधिकार आपको भी है. बुरा जब महसूस हो रहा है या जब ऐसा कराया जा रहा है तो हक से कहो कि हां ठेस पहुंची है. इसपर प्रतिक्रिया आएगी. ऐसी स्थिति जब बने तो स्पष्टता से कहो हां आप गलत हैं. इसमें मुश्किल तत्कालिक होगी पर बाद में राहत महसूस होगी.

थोड़ी देर के लिए आप हिल जाएंगे, अभिव्यक्तियां बहुत मजबूत होती हैं जब हृदय से होती हैं.


अलबत्ता मुनासिब तो ये था नहीं,
हमने तो ना चाहा फिर भी ये हो गया
तुमने कुछ कहा, बार-बार कहा
...तो हमारी ज़बां से भी निकल गया

जकड़न बहुत थी हमारी कशिश में
पर तुम्हारी अकड़न में वो सूख गई
चुभा तुम्हें तो कुछ था नहीं
पर कांटों में हमारी जीभ फंस गई